मुजफ्फरनगर। श्रावण महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) रेणु श्रीवास्तव ने चार सफाईकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कांवड़ यात्रा मार्ग के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने और निर्धारित दायित्वों का पालन न करने पर की गई।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पंचायत राज विभाग लगातार यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर रहा है। डीपीआरओ रेणु श्रीवास्तव स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर स्वच्छता, पेयजल, सामुदायिक शौचालयों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं।इसी क्रम में विकास खंड मोरना क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात चार सफाईकर्मी अपने कार्यस्थल पर दायित्वों का निर्वहन करते नहीं मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए डीपीआरओ ने तत्काल विभागीय कार्रवाई करते हुए चारों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।निलंबित कर्मचारियों में ग्राम पंचायत ककराला के बिन्नू पुत्र चन्द्रपाल, ग्राम पंचायत बरूकी की विमलेश पत्नी सुरेन्द्र, ग्राम पंचायत गादला के सचिन कुमार पुत्र बिजेन्द्र तथा ग्राम पंचायत भोपा के कंवरपाल पुत्र प्रकाशचंद शामिल हैं।डीपीआरओ रेणु श्रीवास्तव ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुचारु व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर किसी भी कर्मचारी द्वारा ड्यूटी में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सफाईकर्मियों और संबंधित अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। यदि कोई कर्मचारी अपने कर्तव्यों के प्रति उदासीन पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को हर हाल में सुचारु बनाए रखना है।