मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र स्थित खादर तिराहे पर कांवड़ यात्रा के दौरान एक कार की कांवड़ियों से टक्कर के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि घटना के बाद कुछ लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात सुचारु कराया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस संबंधित लोगों की पहचान में जुटी है।बताया गया कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे खादर तिराहे से कांवड़ियों का जत्था गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार की कांवड़ियों से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने कार को घेर लिया। आरोप है कि लाठी-डंडों से वाहन के शीशे और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया गया।घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।सूचना मिलते ही पुरकाजी थाना पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति सामान्य कराई और क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group