मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत फुगाना थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 27.780 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त एक ब्रेजा कार बरामद की है। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार, मेरठ-करनाल हाईवे पर लोई नहर पटरी के पास वाहन जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कार से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने पर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोपा थाना क्षेत्र के रूडकली गांव निवासी अब्दुल समद और ककरौली थाना क्षेत्र के कम्हैड़ा गांव निवासी नजमुद्दीन के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर मुजफ्फरनगर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ फुगाना थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना नरेंद्र सिंह यादव तथा फुगाना थानाध्यक्ष जयवीर सिंह ने किया। कार्रवाई में एसओजी देहात और थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन सवेरा के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।