कौशांबी। जिले के कड़ा विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय लुकिया डोरमा में एक प्रधानाध्यापिका के हाथ में चाकू और चापड़ लेकर स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। कक्षा में बच्चों के बीच धारदार हथियार रखने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया।

पुलिस और शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।बताया गया कि विद्यालय में पढ़ने वाले एक छात्र ने घर जाकर अपने परिजनों को जानकारी दी कि शिक्षिका कई दिनों से स्कूल में चाकू लेकर आती हैं, जिससे बच्चे भयभीत हैं। शुक्रवार सुबह बच्चे के पिता स्वयं स्कूल पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने प्रधानाध्यापिका को हाथ में चाकू लेकर विद्यालय में प्रवेश करते देखा और उसका वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया।वीडियो सामने आने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी और पुलिस टीम विद्यालय पहुंची। अधिकारियों ने प्रधानाध्यापिका से पूछताछ की तथा उनके पास मौजूद धारदार हथियार अपने कब्जे में ले लिए। जांच के दौरान विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और कुछ अभिभावकों से भी जानकारी जुटाई गई।पूछताछ में प्रधानाध्यापिका ने खुद को असुरक्षित महसूस करने की बात कही। वहीं उनके पति ने अधिकारियों को बताया कि पिछले कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनका उपचार भी चल रहा है। पुलिस ने इस पहलू को भी जांच में शामिल किया है।बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर पाए जाने पर प्रधानाध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group