मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक निजी विद्यालय संचालक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसकी पत्नी, उसके कथित प्रेमी और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी और दो सपेरों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने पहले उसे दूध में नींद की गोलियां दीं और फिर सर्पदंश से हत्या कर घटना को प्राकृतिक मौत का रूप देने का प्रयास किया। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार मृतक अतुल कुमार पंवार (32) हस्तिनापुर क्षेत्र में पत्नी दामिनी और छह वर्षीय पुत्र के साथ रहकर एक प्ले स्कूल का संचालन करते थे। जांच में सामने आया कि कुछ माह पहले स्कूल में वैन चालक के रूप में कार्य करने वाले तुषार के साथ दामिनी के निकट संबंध हो गए थे। पुलिस का दावा है कि दोनों ने अतुल के 20 लाख रुपये के जीवन बीमा और साथ रहने की मंशा से हत्या की योजना बनाई।जांच में यह भी सामने आया कि करीब 20 दिन पहले अतुल को कार से टक्कर मारकर रास्ते से हटाने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह बच गया। इसके बाद आरोपियों ने दो सपेरों से संपर्क कर कथित रूप से उन्हें हत्या के लिए तैयार किया। पुलिस के अनुसार वारदात वाली रात अतुल को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाई गईं। गहरी नींद में होने के बाद घर बुलाए गए सपेरों ने जहरीले सांप से उसे डसवाया और घटना को सामान्य सर्पदंश का रूप देने की कोशिश की।घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पत्नी और वैन चालक पर संदेह हुआ। पूछताछ में मिले तथ्यों के बाद पुलिस ने दामिनी, तुषार तथा सपेरे सोनू और उदय को गिरफ्तार कर लिया।वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे बढ़ाई गई। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्य जुटाकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फोरेंसिक जांच को भी विवेचना का हिस्सा बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group