गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र के भौवापुर गांव में खेत पर काम के लिए ले जाए गए 10 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने बच्चे के पिता की तहरीर पर खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के पिता संजय ने आरोप लगाया है कि गांव निवासी श्रीनिवास उर्फ सीओ 16 जुलाई को उनके बेटे केशव को मजदूरी का लालच देकर अपने खेत पर ले गया था। आरोप है कि खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए तारों में अवैध रूप से बिजली का करंट छोड़ा गया था।शिकायत के अनुसार खेत में काम करते समय केशव का हाथ तार से छू गया, जिससे उसे तेज करंट लगा और वह तार से चिपक गया। कुछ देर बाद गांव के युवक शनि की नजर उस पर पड़ी। उसने तुरंत परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरादनगर ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी श्रीनिवास उर्फ सीओ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group