मुजफ्फरनगर। मोरना-भोकरहेड़ी मार्ग पर सड़क किनारे एक मगरमच्छ दिखाई देने से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई। खेत से निकलकर सड़क की ओर आए मगरमच्छ को देखकर राहगीर और ग्रामीण सतर्क हो गए। कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी है।ग्रामीणों के अनुसार वजीराबाद गांव निवासी किसान अंकित शुक्रवार को अपने खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक बड़ा मगरमच्छ खेत से निकलकर मुख्य मार्ग की ओर बढ़ गया। अंकित का कहना है कि यह मगरमच्छ पहले भी कई बार खेतों के आसपास दिखाई दे चुका है, जिससे किसानों में भय बना रहता है। लोगों की आवाजाही बढ़ने और शोर होने पर मगरमच्छ वापस पास के खेतों की ओर चला गया।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों का कहना है कि भोकरहेड़ी के निकट स्थित तालाब में लंबे समय से तीन मगरमच्छ मौजूद हैं। तालाब आबादी और खेती वाले क्षेत्र के करीब होने के कारण ग्रामीणों को हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि खेतों में काम करने वाले किसानों, बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।ग्रामीणों ने वन विभाग से तालाब में मौजूद मगरमच्छों को सुरक्षित पकड़कर किसी बड़े नदी क्षेत्र या उपयुक्त प्राकृतिक जलाशय में छोड़े जाने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में मगरमच्छ खेतों और सड़क तक पहुंच जाते हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।वन क्षेत्राधिकारी रविकांत चौधरी ने बताया कि विभाग को भोकरहेड़ी क्षेत्र में मगरमच्छों की मौजूदगी की जानकारी है। एहतियात के तौर पर एक वनकर्मी को मौके पर तैनात किया गया है।