मुजफ्फरनगर। नचिकेता स्कूल्स में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में विद्यालय के नवचयनित छात्र पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती जसबीर कौर ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि किसी भी जिम्मेदारी का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाना चाहिए। इसके उपरांत सभी नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की शपथ दिलाई गई।समारोह में विद्यालय के पांचों सदनों—एक्वा, एरिस, इग्निस, टेरा और दिवम—के कैप्टन, उप-कैप्टन तथा अन्य पदाधिकारियों को ध्वज सौंपकर उनके दायित्व निर्धारित किए गए। वरिष्ठ वर्ग की हेड गर्ल नंदिनी गर्ग और हेड बॉय मानव गुलाटी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वहीं कनिष्ठ वर्ग की हेड गर्ल कनुप्रिया सिंह और हेड बॉय सूर्या ने भी विद्यालय के आदर्शों, अनुशासन और मूल्यों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।हाउस कैप्टनों और उप-कैप्टनों ने अपनी-अपनी टीम का प्रभावी नेतृत्व करने, विद्यार्थियों में अनुशासन बनाए रखने तथा विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में विद्यालय का नाम गौरवान्वित करने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में उत्साह और जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट दिखाई दिया।समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या (प्रशासन) विक्की जैन ने सभी नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नेतृत्व के ऐसे अवसर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, निर्णय क्षमता और उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं तथा उन्हें भविष्य में एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
