मुजफ्फरनगर। अपनी मर्जी से निकाह करने वाले एक दंपती ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई। दंपती ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि महिला के मायके पक्ष के कुछ लोग उनके विवाह से नाराज हैं और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस से अपनी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।प्रार्थना पत्र के अनुसार सहारनपुर जनपद के थाना सरसावा क्षेत्र के ग्राम धौलापड़ा निवासी तरन्नुम ने बताया कि उसका पहला निकाह इकरार पुत्र निसार के साथ हुआ था। वैवाहिक जीवन में विवाद के चलते दोनों अलग हो गए और बाद में उसे तलाक मिल गया। इसके बाद उसका पूर्व पति से कोई संबंध नहीं रहा।महिला ने बताया कि उसने अपनी इच्छा से शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कसेरवा निवासी मुनाजिर पुत्र वासम अली से बिना किसी दबाव के निकाह किया। दोनों वर्तमान में पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे हैं और शांतिपूर्वक जीवन व्यतीत करना चाहते हैं।दंपती का आरोप है कि दूसरे निकाह से नाराज महिला के मायके पक्ष के कुछ लोग लगातार फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। शिकायत में कई लोगों के नाम दर्ज कराते हुए आरोप लगाया गया है कि उन्हें साथ नहीं रहने देने और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है। दंपती ने आशंका जताई कि यदि समय रहते सुरक्षा नहीं मिली तो उनके साथ अथवा ससुराल पक्ष के लोगों के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।दंपती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शाहपुर पुलिस को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा शिकायत में नामजद लोगों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई कराने का अनुरोध किया है। उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group