मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने शनिवार को सर्किट हाउस स्थित सभागार में सहारनपुर मंडल के विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।समीक्षा बैठक में राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। इसलिए अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग और दिव्यांगजन के सशक्तीकरण की मंशा तभी पूरी होगी, जब योजनाओं का लाभ समय पर और बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचे।बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं के लक्ष्य, उपलब्धियों और लंबित मामलों पर भी चर्चा की गई। राज्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और जहां आवश्यकता हो, वहां आवश्यक सुधारात्मक कदम भी तत्काल उठाए जाएं।समीक्षा बैठक में सहारनपुर मंडल के उपनिदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग राजकुमार सिंह, उपनिदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग मुकेश पाल सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मुजफ्फरनगर दीक्षा उपाध्याय, शामली के जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुधीर कुमार तथा सहारनपुर के जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अजय कुमार सहित मंडलीय एवं जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।