मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को खतौली तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से सात का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने शेष मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।समाधान दिवस में बिजली, राजस्व, भूमि विवाद, राशन कार्ड, समाज कल्याण, नगर पालिका, नगर पंचायत, सड़क, श्रम विभाग, पेंशन तथा पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर शिकायतों की जांच करें और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण करें। जिन मामलों का समाधान संभव न हो, उनमें संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट रूप से कारणों से अवगत कराया जाए।उन्होंने निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए तथा मौके का फोटोग्राफ भी अभिलेखों में शामिल किया जाए। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के भी समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया।बरसात के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। यदि किसी स्थान पर पानी भरने की सूचना मिले तो तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कर समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाए। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी डॉ. ललित कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, तहसीलदार अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group