मुजफ्फरनगर में भारत स्काउट एवं गाइड्स के तत्वावधान में संचालित ग्रीन स्किल प्रोजेक्ट का बुधवार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण और कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना के संचालन और उसके क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।भारत स्काउट एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय के निदेशक अमर बी. क्षेत्री, प्रादेशिक मुख्य आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार तथा जिलाधिकारी एवं भारत स्काउट एवं गाइड्स के जिलाध्यक्ष उमेश मिश्रा के निर्देशन में आयोजित निरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल ने गुड़ मंडी समिति, पार्क और गौशाला में संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। गांधी वाटिका में आयोजित पोस्टर प्रदर्शनी, परियोजना प्रदर्शन तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी अवलोकन किया गया।जिला मुख्य आयुक्त डॉ. कंचन प्रभा शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए बताया कि राष्ट्रीय मुख्यालय ने प्रदेश से केवल सोनभद्र और मुजफ्फरनगर को ग्रीन स्किल प्रोजेक्ट के लिए चयनित किया है। मुजफ्फरनगर में परियोजना के कार्यों का एक दिवसीय गहन निरीक्षण किया गया। सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अमित कुमार ने परियोजना के उद्देश्यों और पर्यावरण संरक्षण में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला, जबकि परियोजना प्रभारी गुंजन चौधरी ने अब तक की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।उप निदेशक (स्काउट्स) अरूप सरकार ने सेवा भावना और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय निरीक्षक सुश्री केट एरन्जामैडेज ने परियोजना की गतिविधियों को संतोषजनक बताते हुए मुजफ्फरनगर में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। सहायक निदेशक बाबलू गोस्वामी ने परियोजना के आगामी चरणों और भावी योजनाओं की जानकारी दी।निरीक्षण दल ने एस.डी. पब्लिक स्कूल में स्थापित कम्पोस्ट यूनिट का भी निरीक्षण किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रताल स्थित गंगा घाट पर चल रहे स्वच्छता अभियान का अवलोकन किया, जहां गंगा सेवा समिति के सहयोग से कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) भारत भूषण अरोड़ा ने किया, जबकि जिला स्काउट कमिश्नर विजय कुमार शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।इसी क्रम में भूजल सप्ताह के तहत डीएवी इंटर कॉलेज में जल संरक्षण जागरूकता अभियान के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन पर आधारित चित्रों के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार शर्मा ने कहा कि जल का संरक्षण भविष्य की आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को वर्षा जल संचयन तथा पानी की एक-एक बूंद बचाने के लिए गंभीर प्रयास करने चाहिए। प्रतियोगिता के आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group