मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव हुसैनाबाद भनवाड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि डेयरी से काम कर घर लौट रहे युवक को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों, लोहे की सरियों तथा ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी शमशाद ने बताया कि उनका पुत्र इमरान गांव की एक डेयरी पर कार्य करता है। आरोप है कि 15 जुलाई की रात करीब आठ बजे वह काम समाप्त कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव में ताहिर पुत्र लियाकत के मकान के निकट पहुंचा, वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। शिकायत के अनुसार पुरानी मुकदमेबाजी की रंजिश को लेकर पहले उसके साथ कहासुनी हुई और इसके बाद उस पर हमला कर दिया गया।तहरीर में फारूक पुत्र लियाकत, गुलफाम पुत्र ताहिर, अलीशेर पुत्र लियाकत तथा इन्साद पुत्र रियासत को नामजद किया गया है। आरोप है कि चारों ने मिलकर इमरान के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना को देख गुफरान पुत्र इन्साद बीच-बचाव के लिए पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई। दोनों घायलों को चोटें आने के बाद हमलावर मौके से चले गए।घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमला पूर्व नियोजित था और पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।रतनपुरी थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group