मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के निरमाना गांव में रविदास मंदिर समिति की धनराशि के कथित गबन की शिकायत करने वाले ग्रामीण पर हमला करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता की तहरीर पर पुलिस ने समिति अध्यक्ष समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। विवाद मंदिर समिति के करीब 7.50 लाख रुपये के हिसाब-किताब को लेकर बताया गया है।गांव निवासी जयसिंह पुत्र रघुबीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविदास मंदिर समिति के लगभग 7.50 लाख रुपये समिति अध्यक्ष हरेन्द्र पुत्र किशनलाल के पास थे। ग्रामीणों द्वारा कई बार आय-व्यय का ब्यौरा मांगे जाने के बावजूद संतोषजनक जानकारी नहीं मिली। इसके बाद दो जून 2026 को ग्रामीणों ने थाना शाहपुर में धन के कथित गबन की शिकायत दी, जिसमें वह भी शामिल थे।आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के अगले दिन तीन जून की शाम करीब साढ़े चार बजे जयसिंह गांव में कैलाश की चक्की पर बैठे थे। तभी हरेन्द्र अपने साथी गौतम पुत्र नरेश के साथ वहां पहुंचा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि हरेन्द्र ने शिकायत करने को लेकर नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार और चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद चौकी स्तर पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। स्वस्थ होने के बाद उन्होंने दोबारा लिखित शिकायत दी। इसके बाद शाहपुर पुलिस ने हरेन्द्र और गौतम के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group