मुजफ्फरनगर। जनपद के नरा जड़ौदा रेलवे स्टेशन के निकट बुधवार रात ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पहचान नहीं हो पाने पर जीआरपी ने आमजन से शिनाख्त कराने में सहयोग की अपील की है।पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार रात करीब नौ बजे हुआ। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध माध्यमों से पहचान कराने के प्रयास किए गए, लेकिन देर रात तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।जीआरपी द्वारा जारी विवरण के अनुसार मृतक युवक का रंग गेहुआं, कद लगभग पांच फीट चार इंच है। उसके सिर पर काले बाल तथा हल्की दाढ़ी-मूंछ है। उसने नीले रंग की जींस, भूरे रंग की फुल आस्तीन की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर ‘BALENCIAGA’ लिखा हुआ है। पैरों में काले रंग के स्पोर्ट्स जूते थे।पुलिस ने बताया कि युवक के दाहिने हाथ में कलावा बंधा हुआ मिला है। इसके अलावा उसके एक हाथ पर ‘चीनू सुनिता’ नाम गुदा हुआ है। अधिकारियों का मानना है कि यह निशान मृतक की पहचान कराने में महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकता है।जीआरपी मुजफ्फरनगर ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता हो या उसके परिजनों के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल जीआरपी थाना मुजफ्फरनगर से संपर्क करें, ताकि परिजनों को सूचना देकर आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group