मुजफ्फरनगर। भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) के लिए ग्राम एवं नगर निर्देशिका के आंकड़ों का शुद्ध और समयबद्ध संकलन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह की मौजूदगी में अधिकारियों को आंकड़ों के संकलन और प्रपत्रों के सही तरीके से भरने का प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण में लखनऊ से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि ग्राम और नगर निर्देशिका के लिए निर्धारित प्रपत्रों को किस प्रकार त्रुटिरहित और निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की विसंगति न रहे।इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जनगणना के प्रथम चरण का कार्य निर्धारित समय में पूरा करने वाले चार्ज अधिकारियों और सहायक चार्ज अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतिगत निर्णयों का आधार होती है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में उपलब्ध कराई गई जनगणना हस्तपुस्तिका का गंभीरता से अध्ययन करें। यदि किसी बिंदु पर कोई संशय हो तो उसे तत्काल प्रशिक्षकों से स्पष्ट करें, ताकि आंकड़ों के संकलन में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। उन्होंने कहा कि समयबद्धता के साथ-साथ आंकड़ों की शुद्धता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।प्रशिक्षण के दौरान प्रोजेक्टर और अन्य दृश्य माध्यमों से अधिकारियों को जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, बैंकिंग, परिवहन तथा सामाजिक एवं आर्थिक संरचना से संबंधित सूचनाओं के संकलन की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित कर सभी प्रपत्रों का सत्यापन पूरी सावधानी से कराने के निर्देश दिए गए।कार्यक्रम में जनगणना कार्य से जुड़े सभी चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना-2027 से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group