मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव मोघपुर में खेत पर बैठे एक किसान पर फावड़े से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल किसान ने गांव के तीन लोगों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई तहरीर में गांव मोघपुर निवासी जवाहर सिंह पुत्र रामभज ने बताया कि 22 जुलाई को शाम करीब साढ़े पांच बजे वह गांव भड़ौदा और मोघपुर के बीच स्थित अपने खेत पर सड़क किनारे बैठा था। इसी दौरान गांव के नरेन्द्र पुत्र शादीराम, अर्पित उर्फ रॉकी पुत्र नरेन्द्र तथा यश पुत्र नरेन्द्र वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने बिना किसी विवाद के अचानक पीछे से उस पर हमला कर दिया।शिकायत के अनुसार हमलावरों ने फावड़े से सबसे पहले उसके सिर पर वार किया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद कमर पर भी प्रहार किया गया। किसान का आरोप है कि तीनों लगातार उस पर हमला करते रहे। किसी तरह वह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। बाद में उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और उपचार के बाद पुलिस से शिकायत की।पीड़ित ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि यदि वह समय रहते मौके से नहीं भागता तो आरोपित उसके साथ कोई गंभीर घटना कर सकते थे। उसने तीनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।सिखेड़ा थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर नरेन्द्र, अर्पित उर्फ रॉकी और यश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।थाना पुलिस के अनुसार जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group