मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में एक ई-रिक्शा चालक ने गांव के ही एक युवक पर जातिसूचक शब्द कहकर मारपीट करने और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।कोतवाली बुढ़ाना में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार ग्राम मोहम्मदपुर रायसिंह निवासी किशोर कुमार ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका कहना है कि 20 जुलाई की शाम वह अपनी बहन शारदा और ममेरे भाई सुरमेश के साथ घरेलू सामान खरीदने के लिए बुढ़ाना आए थे। तीनों लुहसाना रोड स्थित बस अड्डे के पास पहुंचे और ई-रिक्शा रोका, तभी वहां मौजूद गांव के ही अरविंद ने कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और इसके बाद लाठी-डंडों तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि हमले में उसके मुंह, हाथ की उंगली तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। उसने आरोप लगाया कि आरोपी की मंशा उसे गंभीर नुकसान पहुंचाने की थी।शिकायत के अनुसार शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। इस बीच पीड़ित की बहन और ममेरे भाई ने बीच-बचाव कर उसे हमले से बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।घटना के बाद पीड़ित ने 22 जुलाई को कोतवाली बुढ़ाना पहुंचकर तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ परिवार की सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।