मुजफ्फरनगर, 23 जुलाई 26। जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ी नौवाबाद तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बुढ़ीना कलां का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा मरीजों के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत सीएचसी सिसौली से हुई, जहां डॉ. तेवतिया ने अस्पताल की बाह्य रोगी सेवा का अवलोकन किया। हड्डी रोग विशेषज्ञ होने के कारण उन्होंने ओपीडी में पहुंचे मरीजों का परीक्षण भी किया और उन्हें आवश्यक उपचार के साथ चिकित्सकीय परामर्श दिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं तथा अभिलेखों की भी समीक्षा की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इसके बाद डॉ. तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ी नौवाबाद का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का आकलन किया। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाया जाए।
निरीक्षण के अंतिम चरण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बुढ़ीना कलां पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र पर संचालित नियमित गतिविधियों, उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।