मुजफ्फरनगर, 24 जुलाई 26। जिले में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘माय भारत’ पोर्टल पर सघन पंजीकरण अभियान को लेकर जिला सलाहकार समिति और जिला समन्वय समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा शिक्षण संस्थानों और ग्राम स्तर तक पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में जिला युवा अधिकारी ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में संचालित ‘माय भारत’ पोर्टल 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए तैयार किया गया एक ऐसा मंच है, जहां उन्हें स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, अनुभवात्मक शिक्षण तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिलता है। इसके माध्यम से युवाओं को विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक अभियानों से जोड़ा जा रहा है।उन्होंने बताया कि विकसित युवा संसद, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस प्रतियोगिताएं और बजट प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं की सहभागिता बढ़ाई जा रही है। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार के साथ स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले में आयोजित समारोह के लिए ई-निमंत्रण प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित कर शत-प्रतिशत पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण कराया जाए। प्रत्येक शिक्षण संस्थान में ‘माय भारत’ के लिए एक नोडल अधिकारी नामित किया जाए, ताकि अभियान की नियमित निगरानी और समन्वय सुनिश्चित हो सके।उन्होंने खंड विकास अधिकारियों, ग्राम पंचायतों और जन सेवा केंद्रों के सहयोग से ब्लॉक स्तर पर विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही जिला एवं ब्लॉक स्तर पर पंजीकरण के लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया।बैठक में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के तहत युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रखने के लिए प्रश्नोत्तरी, लघु फिल्म, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतिज्ञा अभियान, हस्ताक्षर अभियान और खेल गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता चलाने पर भी चर्चा हुई। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला युवा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।