मुजफ्फरनगर, 24 जुलाई 26। प्रदेश स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नगरीय क्षेत्र सर्कुलर रोड की चार छात्राओं का शुक्रवार को जिला प्रशासन ने सम्मान किया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुशील कुमार यादव ने विजेता छात्राओं को स्पोर्ट्स किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 की प्रदेश स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में विजेता रहीं छात्राएं नंदिनी, सृष्टि, निशा और खनक को सम्मानित किया गया। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने छात्राओं को खेलों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण और सामान्य परिवारों से आने वाली बालिकाओं को उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का मंच दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये छात्राएं आने वाले समय में बड़े खेल आयोजनों में भी सफलता हासिल करेंगी।प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार तथा बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुशासन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास ही खेलों में सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने प्रदर्शन को लगातार बेहतर बनाने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी जारी रखने का संदेश दिया।इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की अध्यापिकाएं रजनी और मोनिका तोमर सहित जिला खेल कार्यालय का स्टाफ भी मौजूद रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभाशाली छात्राओं का मनोबल बढ़ाना और अन्य बालिकाओं को भी खेलों में आगे आने के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group