मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव में एक वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला जांच का विषय बन गया है। मृतक की पहचान करीब 70 वर्षीय करपाल उर्फ कबाड़ी पुत्र बदर के रूप में हुई है। परिजनों ने संपत्ति विवाद में हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान धक्का-मुक्की में गिरने से मौत होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार घटना की सूचना पीआरवी के माध्यम से मिलने पर थाना चरथावल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि करपाल और उनके छोटे भाई रामू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया गया कि दोनों ने शराब पी रखी थी और कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हुई, जिसमें करपाल गिर पड़े। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि इसी विवाद के चलते करपाल के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी मौत हुई। परिजनों ने छोटे भाई रामू सहित परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।घटना के बाद परिजन करपाल को उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।क्षेत्राधिकारी सदर राजू कुमार साव ने बताया कि प्रथम दृष्टया शराब के नशे में हुए विवाद और धक्का-मुक्की की बात सामने आई है। हालांकि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।