मुजफ्फरनगर, 24 जुलाई 26। जनपद में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और मानकों का उल्लंघन करने वाले क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में बघरा स्थित सिटी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया, जहां गंभीर अनियमितताएं मिलने पर अस्पताल को तत्काल सील कर दिया गया। इसके बाद कांशीराम आवासीय कॉलोनी स्थित आरोग्यम क्लीनिक पर छापेमारी कर उसे भी सील कर दिया गया।निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पाया कि शामली रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल केवल यूनानी चिकित्सा पद्धति के अंतर्गत बाह्य रोगी सेवा संचालित करने के लिए पंजीकृत था। इसके बावजूद वहां करीब 11 बेड का अस्पताल संचालित किया जा रहा था। जांच में ऑपरेशन थिएटर, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई सहित अन्य चिकित्सीय सुविधाएं भी संचालित होती मिलीं, जो पंजीकरण की शर्तों के विपरीत थीं।अनियमितताएं सामने आने पर विभाग ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। अस्पताल संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कांशीराम आवासीय कॉलोनी स्थित आरोग्यम क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच के समय क्लीनिक संचालक संजय कुमार मौके पर उपस्थित नहीं मिले। निरीक्षण में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं, खुले इंजेक्शन, सुइयां और अन्य चिकित्सीय सामग्री बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में क्लीनिक का संचालन निर्धारित मानकों के विपरीत पाया गया।स्वास्थ्य विभाग ने आरोग्यम क्लीनिक को भी तत्काल सील करते हुए मौके से बरामद एक्सपायरी दवाओं और अन्य आपत्तिजनक चिकित्सीय सामग्री को जब्त कर लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group