मुजफ्फरनगर। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक प्रकरण को लेकर शनिवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा छात्रों के हितों की रक्षा की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।दोपहर के समय बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नगर के विभिन्न मार्गों से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर नारे लगाए गए। प्रशासन ने कार्यक्रम को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए थे तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पेपर लीक प्रकरण के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की।भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष रजत निठारिया ने कहा कि देशभर के अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस का व्यवहार उचित नहीं था और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रदेश सहित देश के विभिन्न जिलों में लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन आयोजित किए गए हैं।प्रदर्शन के समापन पर प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में परीक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के हितों की सुरक्षा तथा पेपर लीक से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई गई। प्रशासन ने ज्ञापन संबंधित स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया।