गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद 27 वर्षीय महिला की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।जानकारी के अनुसार, बागराणपुर निवासी हरीश कुमार ने अपनी पत्नी काजल (27) को 27 जुलाई को सामान्य प्रसव के लिए लोनी के नवजीवन अस्पताल में भर्ती कराया था। 28 जुलाई तड़के करीब 3:15 बजे काजल ने एक पुत्र को जन्म दिया। परिजनों का कहना है कि प्रसव के कुछ ही देर बाद काजल की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।पति हरीश कुमार का आरोप है कि गंभीर स्थिति के बावजूद अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ ने समय पर आवश्यक उपचार नहीं किया। उनका कहना है कि मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन उसे तत्काल किसी उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर नहीं किया गया। बाद में करीब चार बजे काजल को दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल की चिकित्सक सुमन त्यागी तथा अन्य कर्मचारियों ने इलाज के दौरान लापरवाही बरती। उनका कहना है कि घटना के बाद अस्पताल पहुंचने पर अस्पताल संचालक राहुल त्यागी और चिकित्सक द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा धमकी भी दी गई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।बताया गया है कि नवजात शिशु फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उसका उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आ सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group