मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में गुरुवार को महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके जीवन, सामाजिक योगदान और विचारों पर चर्चा करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं थे, बल्कि सामाजिक चेतना, संस्कृति, कर्म और संगठन के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसके महापुरुषों के आदर्शों और विचारों से होती है तथा उनका जीवन आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करता है।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे और सभी वर्गों के सम्मान की विचारधारा पर निरंतर कार्य कर रही है। महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन करना नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, त्याग और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से समाजवादी विचारधारा और संगठन की नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।जिया चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को जोड़ने और आपसी सौहार्द को मजबूत करने की आवश्यकता है। सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना ही सच्ची समाज सेवा है और यही महाराजा दक्ष प्रजापति के जीवन से मिलने वाली सबसे बड़ी प्रेरणा भी है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव इलम सिंह गुर्जर ने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति का जीवन सामाजिक समरसता, एकता और सहयोग की भावना का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि समाज तभी सशक्त बन सकता है, जब सभी वर्ग आपसी सम्मान और भाईचारे के साथ आगे बढ़ें।कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने महाराजा दक्ष प्रजापति के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक सौहार्द और एकता को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group