उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में 30 वर्ष पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर करीब तीन घंटे के भीतर उसे पकड़ लिया।प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी का आरोप है कि करीब 30 साल पहले उसके पिता की हत्या में मृतक और उसके परिवार की भूमिका थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने मौका मिलते ही चचेरे भाई पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गर्दन और शरीर के ऊपरी हिस्से पर गंभीर चोटें लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को जंगल की ओर भागते समय घेर लिया गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।