मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव योगेंद्र नगर में जहरीले सांप के डंसने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले झाड़-फूंक का सहारा लिया। बाद में हालत गंभीर होने पर मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद गांव में शोक व्याप्त है।जानकारी के अनुसार गांव निवासी कुलवीर का पुत्र अजय सोमवार रात अपने घर में फर्श पर सो रहा था। रात करीब 11:15 बजे उसकी गर्दन पर तेज दर्द हुआ। नींद खुलने पर उसने पास में एक पतला सांप देखा और शोर मचा दिया। परिजन मौके पर पहुंचे तो उसकी गर्दन पर सांप के काटने के निशान दिखाई दिए। कुछ ही देर में गर्दन पर सूजन आने लगी और उल्टियां शुरू हो गईं।परिजनों ने पहले स्थानीय स्तर पर झाड़-फूंक कराई। काफी समय बीतने के बाद जब युवक की हालत लगातार बिगड़ने लगी तो उसे मेरठ के एक अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उसने दम तोड़ दिया।मृतक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता कुलवीर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में माता अनीता, बड़े भाई अजय कुमार, छोटे भाई अर्जुन और बहन अनुश्का हैं। युवक की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मृतक के घर के सामने स्थित खाली प्लॉट में लंबे समय से कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिनमें अक्सर जहरीले जीव-जंतु दिखाई देते हैं। ग्रामीणों का अनुमान है कि सांप वहीं से घर में पहुंचा होगा। उन्होंने प्रशासन से कूड़े के ढेर हटवाने, नियमित साफ-सफाई कराने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।