मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में शाहपुर पुलिस ने छह अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार कर दो चर्चित चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश किया है। बुधवार तड़के वाहन चेकिंग के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि चार अन्य आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब नौ कुंतल बिजली का तार, एक छोटा हाथी वाहन, अवैध हथियार तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को हरसौली गांव स्थित बैंक शाखा में पीछे की दीवार में सेंध लगाकर कैश सेफ तोड़ने का प्रयास किया गया था। इसके बाद 24 जुलाई को केवी पुरा-काकड़ा विद्युत लाइन से 33 केवी बिजली का तार चोरी कर लिया गया। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 29 और 30 जुलाई की रात शाहपुर थाना पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि उनके चार साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 33 केवी बिजली लाइन का लगभग नौ कुंतल तार, चोरी में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन, दो तमंचे, कारतूस, चाकू, लोहे का कटर और अन्य औजार बरामद किए गए। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी मुन्ना उर्फ राशिद है, जिसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में हत्या, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित 55 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group