मुजफ्फरनगर के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान परिसर में 31 जुलाई को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत अप्रेंटिस मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक आयोजित होगा। इसमें जनपद की प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयां भाग लेंगी और प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को अप्रेंटिस के अवसर प्रदान किए जाएंगे।राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित होने वाले इस मेले का उद्देश्य औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को उद्योगों से जोड़ना तथा उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से मेले में भाग लेने का आह्वान किया।मेले में फिटर, इलेक्ट्रीशियन, मशीनिस्ट, टर्नर, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, मैकेनिक रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग, मैकेनिक मोटर वाहन, वेल्डर और वायरमैन सहित अन्य व्यवसायों से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी भी भाग ले सकेंगे। विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों की योग्यता के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे।प्रधानाचार्य ने बताया कि मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अप्रेंटिस पंजीकरण, हाईस्कूल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की अंकतालिका और प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मूल निवास तथा जाति प्रमाणपत्र की छायाप्रति साथ लानी होगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी जानकारी के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, मुजफ्फरनगर स्थित नोडल प्रधानाचार्य कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। यह मेला युवाओं को उद्योगों में प्रशिक्षण प्राप्त करने और भविष्य में रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।