मुजफ्फरनगर में हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार की एंबुलेंस से हुई टक्कर में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक चालक की पत्नी ने बुढ़ाना थाने में एंबुलेंस चालक के विरुद्ध लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार हरियाणा के सोनीपत जनपद के आर्यनगर निवासी वीरेंद्र उर्फ मोनू 19 जुलाई 2026 को अपने साथियों मनजीत, अमित तथा अन्य लोगों के साथ कार से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए रवाना हुए थे। जब उनकी कार बुढ़ाना क्षेत्र में भसाना के आगे पीर के समीप अशोक ट्रैवल्स के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही एक एंबुलेंस ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए कार में जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना गंभीर था कि कार चला रहे वीरेंद्र उर्फ मोनू की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में कार में सवार एक महिला ने भी दम तोड़ दिया। अन्य यात्रियों को भी चोटें आने की बात सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक व्याप्त है।मृतक की पत्नी गीता कुमारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि दुर्घटना पूरी तरह एंबुलेंस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चालक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।बुढ़ाना थाना पुलिस ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।