सहारनपुर जनपद के थाना फतेहपुर क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के दौरान गोकशी के एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। मौके से एक तमंचा, कारतूस, छुरी, कटा हुआ गोवंश और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। फरार हुए दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस के मुताबिक जनपद में गोकशी समेत विभिन्न आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना फतेहपुर प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ इस्माइलपुर हिंडन नदी के निकट वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जंगल में कुछ लोग गोवंश का वध कर रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि झाड़ियों के बीच तीन लोग गोकशी में संलिप्त मिले। पुलिस ने उन्हें घेरने का प्रयास किया तो आरोपियों ने बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से दबोच लिया गया। अंधेरे का लाभ उठाकर उसके दो साथी फरार हो गए।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रुकी उर्फ राफा पुत्र सलामू निवासी ग्राम चोबारा, थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक छुरी, कटा हुआ गोवंश तथा एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। थाना फतेहपुर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।