शामली। जनपद के कांधला थाना क्षेत्र के गांव नाला के जंगल में शनिवार सुबह एक युवक का गोली लगा शव मिलने से पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बागपत जनपद के गांव ककड़ीपुर निवासी 22 वर्षीय मोहन उर्फ मोनू पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मोहन उर्फ मोनू शनिवार सुबह करीब सवा पांच बजे अपने घर से गांव नाला में मजदूरों को लेने के लिए निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव नाला के रजवाहे की पटरी के पास किसान परविंदर ने अपने गन्ने के खेत में युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही डायल-112 और कांधला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।पुलिस के अनुसार शव पर गोली लगने के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र कर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की।जांच के दौरान घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल की परिस्थितियों का भी बारीकी से परीक्षण किया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद, लेन-देन तथा अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और उसकी हाल की गतिविधियों का भी विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group