हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार को बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे हुए हादसे में दो कांवड़ियों की जान चली गई। दोनों श्रद्धालु कुछ देर विश्राम के लिए फ्लाईओवर के नीचे बैठे थे, तभी वहां रखा भारी लोहे का गाटर उनके ऊपर गिर गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गाजियाबाद के मोदीपुरम निवासी 22 वर्षीय कृष्णा और तनुज कुमार के रूप में हुई है। दोनों कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार पहुंचे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विश्राम के दौरान अचानक भारी लोहे का गाटर खिसककर उनके ऊपर आ गिरा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय आसपास तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसी दौरान गाटर अपनी जगह से खिसक गया और दोनों श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस तथा राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही उनके साथ आए अन्य कांवड़ियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन यह भी पता लगा रहा है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे के गाटर किस परिस्थिति में रखे गए थे और वहां सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रबंध किए गए थे या नहीं।प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।