मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि दूसरे हादसे में पिता और उनकी पांच वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है। एक मामले में ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है।पहला हादसा सुबह उस समय हुआ, जब छपार गांव निवासी 60 वर्षीय अजीज पुत्र हनीफ पशुओं के लिए चारा लेने जा रहे थे। वह राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहे थे, तभी हरिद्वार की ओर से लौट रहे कांवड़ियों की तेज गति से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अजीज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार कांवड़िए भी घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार किया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।इसी क्षेत्र में कुछ समय बाद दूसरा हादसा हुआ। खोजा नगला निवासी तसव्वर अपनी पांच वर्षीय बेटी माही को बाइक पर बैठाकर गोपाली गांव जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में पिता और बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को वाहन सहित पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने चालक पिंटू निवासी गांव बिहारी, थाना सिखेड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।