गाजियाबाद। शहर में एक जलाशय के ऊपरी हिस्से पर तीन-चार युवकों के चढ़कर खड़े होने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जलाशय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में युवक काफी ऊंचाई पर बने जलाशय के हिस्से पर दिखाई दे रहे हैं।इतनी अधिक ऊंचाई पर बिना किसी सुरक्षा साधन के युवकों का पहुंचना गंभीर जोखिम माना जा रहा है। यदि किसी युवक का पैर फिसल जाता या संतुलन बिगड़ता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की लापरवाही पर चिंता जताई है।लोगों का कहना है कि जलाशय जैसे संवेदनशील स्थान पर अनधिकृत प्रवेश रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए। ऊंचाई वाले हिस्से तक पहुंचने के रास्तों को बंद करने के साथ वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की भी जरूरत है।स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेकर जलाशय की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान और वीडियो बनाए जाने के समय की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।