मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान 27 अगस्त को जिले में महिलाओं से संबंधित समस्याओं की सुनवाई करेंगी। वह विकास भवन के सभागार में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों के साथ-साथ महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा भी करेंगी।मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने बताया कि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष की अध्यक्षता में 27 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे विकास भवन स्थित सभागार में समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसमें महिलाओं से संबंधित विभागीय योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली जाएगी।जनसुनवाई के दौरान महिलाएं अपनी शिकायतें और समस्याएं आयोग की अध्यक्ष के समक्ष रख सकेंगी। महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की भी सुनवाई की जाएगी और उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली जाएगी।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में स्वयं उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित अद्यतन सूचनाओं के साथ बैठक में शामिल होने के लिए कहा गया है।