मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना पुलिस ने बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हरसौली-काकड़ा मार्ग पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसमें सवार लोगों ने भागने की कोशिश की। पीछा करने पर वाहन काकड़ा से निरमाना जाने वाले कच्चे रास्ते पर फंस गया। इसके बाद आरोपी गन्ने के खेत में घुस गए।पुलिस का कहना है कि खेत में छिपे आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में जोगिन्द्र उर्फ टीना और सुल्तान पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों में जोगिन्द्र उर्फ टीना पुत्र संसार सिंह निवासी वहलना, थाना खालापार, मुजफ्फरनगर, सुल्तान पुत्र हामिद निवासी शहजाद कॉलोनी, समर गार्डन, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ, इरशाद पुत्र कल्लू निवासी खुशहाल कॉलोनी, मेरठ, सद्दाम हुसैन पुत्र निसार निवासी मोरी कला, थाना हाफिजपुर, हापुड़ और मुकीम पुत्र जहीरुद्दीन निवासी मुस्तफाबाद, थाना लोनी, गाजियाबाद शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 70 किलोग्राम ट्रांसफार्मर की कॉयल, छोटा हाथी वाहन, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखे, तीन चाकू, एलटी खुंटी और 1,500 रुपये बरामद करने का दावा किया है।पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने किनौनी गांव में बिजली चोरी की दो घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। पहली घटना में 16 अगस्त की रात नलकूप से करीब 1,700 मीटर बिजली का तार चोरी किया गया था। दूसरी घटना में पांच अगस्त की रात जंगल में लगे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर से सामान चोरी किया गया था। दोनों मामलों में शाहपुर थाने में मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में आसपास के जिलों में बिजली के तार और ट्रांसफार्मर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी मिली है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जोगिन्द्र उर्फ टीना के खिलाफ मुजफ्फरनगर सहित कई जिलों में चोरी, लूट, बिजली चोरी और हथियार रखने के मुकदमे दर्ज हैं। सुल्तान के खिलाफ भी मेरठ और मुजफ्फरनगर में विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज बताए गए हैं।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अरुण बंसल, विकास चौधरी और अनिकेत धारीवाल, हेड कांस्टेबल प्रेमचंद तथा कांस्टेबल शिवम यादव, हिमांशु मलिक और दीपक कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।