मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। योजना के शुभारंभ का जिला स्तरीय कार्यक्रम सोल्जर बोर्ड के मानेक्शा सभागार में आयोजित किया गया।लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जूपिटर हॉल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मुजफ्फरनगर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और महिलाओं ने देखा। कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि रहे, जबकि जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।रक्षाबंधन पर सहयात्री सहित मुफ्त बस यात्रामंत्री अनिल कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और बेटियों को विशेष सुविधा दी गई है। 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक महिलाओं को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे महिलाएं अपने भाइयों के घर जाकर राखी बांध सकेंगी और पर्व को सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से मना सकेंगी।उन्होंने बताया कि इसके बाद 29 अगस्त से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत आजीवन निःशुल्क बस यात्रा का लाभ मिलेगा। योजना के माध्यम से पात्र महिलाएं प्रदेश में कहीं भी परिवहन निगम की बसों से निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।महिलाओं के सशक्तीकरण को मिलेगी नई दिशामंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को सुविधा और सम्मान देने के साथ उनके सशक्तीकरण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। इस योजना से बुजुर्ग महिलाओं को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर आने-जाने में आर्थिक राहत मिलेगी और वे अधिक आसानी से यात्रा कर सकेंगी।डा. वीरपाल निर्वाल ने योजना लागू करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसे महिलाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। सपना कश्यप ने कहा कि योजना से लोक कल्याण संकल्प पत्र-2022 में किए गए सशक्त नारी के संकल्प को नई दिशा मिलेगी। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। संजय राठी ने योजना लागू करने के लिए मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के प्रति आभार जताया।स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बांधे रक्षासूत्रकार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अतिथियों को रक्षासूत्र बांधे। समूह की ओर से तैयार राखियों के गिफ्ट हैम्पर भी अतिथियों को भेंट किए गए। महिला जनप्रतिनिधियों ने भी मंत्री और अन्य गणमान्य लोगों को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मिठाई और उपहार भी वितरित किए गए।कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक डा. वीरपाल निर्वाल, राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, मीरापुर विधानसभा की विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, महिला जिलाध्यक्ष बबीता राठी और भाजपा महिला जिलाध्यक्ष कविता सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन डा. राजीव कुमार ने किया। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम के.एन. पाण्डेय, उपजिलाधिकारी जानसठ रश्मि लाम्बा, तहसीलदार जानसठ मोनिका चौहान, परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभात कुमार सिन्हा, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी पूनम देवी, यात्रीकर अधिकारी राजेन्द्र श्रीवास्तव और माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक आशीष द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही। खतौली डिपो प्रभारी आशीष कुमार, वरिष्ठ लेखाकार हर्ष कुमार, कार्यालय सहायक प्रथम अनुज त्यागी और शुभम काकरान का भी सहयोग रहा।