मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में ड्यूटी से घर लौट रहे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। विश्वकर्मा चौक से पहले नाले के पास डंपर को पीछे करते समय उसकी चपेट में बाइक आ गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने डंपर के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शांतिनगर निवासी सुभाष चंद्र शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र सौरभ शर्मा ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। वह बाइक संख्या यूपी 12 बीएल 0238 से टिकैत चौक की ओर से शांतिनगर जा रहा था। जैसे ही सौरभ विश्वकर्मा चौक से पहले नाले के पास पहुंचा, उसी दौरान हादसा हो गया।तहरीर के अनुसार इसी दौरान वहां एक आइशर डंपर संख्या यूपी 12 डीटी 2939 मौजूद था। आरोप है कि डंपर चालक वाहन को तेजी और लापरवाही से पीछे कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही सौरभ की बाइक डंपर की चपेट में आ गई। टक्कर लगते ही सौरभ बाइक समेत सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।सूचना मिलने पर घायल सौरभ को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ड्यूटी से घर लौट रहे युवक की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।मृतक के पिता सुभाष चंद्र शर्मा ने बताया कि बेटे की मौत के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में व्यस्त होने के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सके। अंतिम संस्कार के बाद उन्होंने नई मंडी थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और हादसे के लिए जिम्मेदार डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने तहरीर के आधार पर डंपर संख्या यूपी 12 डीटी 2939 के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर डंपर चालक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group