मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक कूरियर कार्यालय को निशाना बनाकर हजारों रुपये की नकदी और ग्राहकों के पार्सल चोरी कर लिए। वारदात के दौरान चोरों ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों और लैपटॉप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस को सुराग न मिल सके। मुख्य मार्ग पर हुई चोरी की घटना से आसपास के व्यापारियों में भी चिंता है।ग्राम कादीपुर निवासी विश्वेन्द्र कुमार पुत्र जगवीर सिंह भोपा-मुजफ्फरनगर मार्ग पर सूर्यवंशम पैलेस के पास पूर्व प्रधान ऋषिराज की दुकान किराये पर लेकर वोल्मो फ्रेंचाइजी (मीशो) कूरियर कार्यालय संचालित करते हैं। गुरुवार रात वह रोजाना की तरह कार्यालय बंद कर घर चले गए थे।शुक्रवार सुबह कार्यालय पहुंचने पर उन्हें शटर टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर कार्यालय से एक थर्मल प्रिंटर, ग्राहकों के करीब 60 हजार रुपये कीमत के पार्सल और गल्ले में रखे 11 हजार रुपये चोरी कर ले गए।चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। लैपटॉप भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया और सीसीटीवी की डीवीआर मशीन उखाड़कर अपने साथ ले गए। इससे माना जा रहा है कि चोरों ने वारदात के साक्ष्य मिटाने की पूरी कोशिश की।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द वारदात का पर्दाफाश करने की मांग की।सूचना पर भोपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में चोरों की गतिविधियों और संभावित सुरागों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से किसी आरोपी की गिरफ्तारी या चोरी का सामान बरामद होने की सूचना नहीं है।