मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में भोपा-मुजफ्फरनगर मार्ग पर रहकड़ा पुलिया के पास गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 33 केवी विद्युत पोल से जा टकराई। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह पुलिस को घटना की जानकारी हुई।मृतक की पहचान 24 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र शेर सिंह, निवासी मखियाली, थाना नई मंडी के रूप में हुई है। वह नाई का काम करता था। बताया गया कि गुरुवार रात वह बाइक से भोपा थाना क्षेत्र के गांव रहकड़ा की ओर जा रहा था। देव फॉर्म्स के सामने पहुंचते ही सामने से आए एक अज्ञात वाहन से बचने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे विद्युत पोल से जा भिड़ी।टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और दिनेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर गया। रात होने के कारण हादसे की तत्काल जानकारी आसपास के लोगों को नहीं हो सकी। शुक्रवार सुबह गश्त के दौरान भोपा पुलिस की नजर क्षतिग्रस्त बाइक और सड़क किनारे पड़े युवक पर पड़ी।पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी भोपा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक के कागजात और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी।दिनेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता शेर सिंह, मां सुनीता और भाई अरुण, सागर व गौरव गम में डूब गए।पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group