मुजफ्फरनगर। बुढाना थाना क्षेत्र के जौला गांव में पुरानी कहासुनी को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक से घर लौट रहे युवक को रास्ते में घेरकर पहले कनपटी पर तमंचा लगाया गया और फिर लाठी-डंडों व तमंचे की बट से हमला कर दिया गया। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जौला निवासी शहजाद पुत्र जहीर के अनुसार, वह देवी रोड स्थित आटा मिल के पास से बाइक लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसकी बाइक रुकवा ली। आरोप है कि अजीम पुत्र मनव्वर ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। इसके बाद वहां मौजूद अन्य युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।शिकायत के मुताबिक हमलावरों ने शहजाद को लाठी-डंडों के अलावा तमंचे की बट से भी पीटा। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। खालिद पुत्र जमील और नईम पुत्र फरजन्दा समेत अन्य लोगों के पहुंचने पर आरोपित मौके से भाग निकले।पीड़ित का आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने उसे दोबारा जान से मारने की धमकी दी। घटना के पीछे एक दिन पहले हुई कहासुनी को वजह बताया गया है। शहजाद के अनुसार, मनव्वर के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हुई थी। इसी विवाद को लेकर रंजिश रखते हुए अगले दिन उस पर हमला किया गया।शहजाद ने पुलिस को दी शिकायत में अजीम पुत्र मनव्वर, सुऐब पुत्र जाहिद, सावेज पुत्र इकबाल, इकराम पुत्र वकील और बुलंद पुत्र बुंदू को नामजद किया है। सभी आरोपित जौला गांव के रहने वाले बताए गए हैं।पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस घटना के कारण, हमले में शामिल लोगों और तमंचे के इस्तेमाल समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।