मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव बेलड़ा में रक्षाबंधन के अवसर पर लगे मेले में चाऊमीन खा रहे एक युवक के साथ विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुर्सी से उठने को लेकर हुए विवाद के बाद युवकों ने रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 10 नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र के बाबूपुर नंगली निवासी सत्यम पुत्र सुशील रक्षाबंधन के अवसर पर अपने ननिहाल गांव बेलड़ा आया हुआ था। 30 अगस्त की रात करीब साढ़े दस बजे वह गांव में लगे मेले में गया था। मेला घूमने के बाद वह चाऊमीन की ठेली पर खाना खाने लगा। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे कुर्सी से उठने के लिए कहा। विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ अभद्रता की और बाद में रास्ते में देख लेने की धमकी दी।बताया गया कि चाऊमीन खाने के बाद सत्यम वहां से आगे बढ़ा और अलीजान की दुकान के पास पहुंचा। आरोप है कि पहले से घात लगाए युवकों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में युवक के शरीर और कान में चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव कराया।परिजन घायल युवक को उपचार के लिए भोपा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। उपचार और देखभाल में व्यस्त होने के कारण पीड़ित पक्ष तत्काल पुलिस को तहरीर नहीं दे सका।इसके बाद चार सितंबर को धीर सिंह की ओर से थाना भोपा में तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर श्रीकांत, वंश उर्फ मिर्ची, प्रशांत, प्रिंस, सचिन, अंतरिक्ष, सौरभ, तुषार, निखिल उर्फ सुक्की समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।