बागपत। राजस्थान के गोगामेड़ी धाम से दर्शन कर बदायूं लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप रविवार देर रात बागपत में हादसे का शिकार हो गई। खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में बड़ागांव के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर करीब साढ़े 12 बजे पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 12 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।बताया गया कि बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र के अल्हापुर गांव और आसपास के गांवों से श्रद्धालु राजस्थान स्थित गोगामेड़ी धाम में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी पिकअप से वापस अपने घर लौट रहे थे। वाहन में 30 से अधिक लोग सवार थे। रात में बड़ागांव के पास पहुंचते ही पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन पलट गया। हादसा होते ही वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।हादसे में कई श्रद्धालु वाहन के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, पीआरवी और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने राहत-बचाव शुरू किया और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल खेकड़ा और बागपत के अस्पतालों में पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को मेरठ के अस्पतालों में रेफर किया गया।हादसे में शुरुआत में कुछ श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान कई और घायलों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई। हादसे में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। 24 घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। अधिकारियों ने गंभीर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मेरठ मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली।हादसे की खबर बदायूं पहुंचते ही श्रद्धालुओं के गांवों में मातम छा गया। जिन परिवारों के लोग धार्मिक यात्रा पर गए थे, उनके घरों में अपनों के हादसे की खबर मिलते ही चीख-पुकार मच गई। परिजन अस्पतालों और प्रशासनिक अधिकारियों से अपने स्वजन की जानकारी लेने के लिए दौड़ पड़े।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज कराने और पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करने के निर्देश भी दिए।पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी में पिकअप के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हादसे के पीछे वाहन की गति, चालक की स्थिति और किसी अन्य वाहन की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group