मुजफ्फरनगर। भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव मुंडभर में 11 वर्षीय बालक के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। बालक अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया गया कि पढ़ाई के दौरान किसी बात पर डांट पड़ने से नाराज होकर वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर मौसी ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है।गांव मुंडभर निवासी ज्योति पत्नी राकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन रचना का 11 वर्षीय बेटा मोनू पुत्र बबलू उनके घर पर रहकर पढ़ाई करता है। मोनू मूल रूप से मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव जड़ौदा का रहने वाला है।परिजनों के अनुसार, सात सितंबर को दोपहर करीब 2:15 बजे मोनू घर में बैठकर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान ज्योति के पति राकेश ने किसी बात को लेकर उसे डांट दिया। डांट से नाराज होकर मोनू बिना किसी को बताए घर से निकल गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।परिवार के लोगों ने आसपास के इलाके, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी बालक के बारे में जानकारी की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन भौराकलां थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संभावित स्थानों पर जानकारी जुटा रही है। परिजनों ने बताया कि लापता मोनू की उम्र करीब 11 वर्ष, रंग गोरा और लंबाई लगभग चार फीट छह इंच है। घर से निकलते समय उसने सफेद शर्ट, काले रंग की कैपरी और नीले रंग की हवाई चप्पल पहन रखी थी।बालक के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं और उसके सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group