मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम ने जिले में मदिरा की दुकानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों पर शराब की बिक्री, स्टॉक और निर्धारित मूल्य की जांच की गई। अधिकारियों ने विक्रेताओं को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।आबकारी निरीक्षकों ने दुकानों पर पीओएस मशीन से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के साथ ही उपलब्ध शराब के स्टॉक का स्टॉक रजिस्टर से भौतिक सत्यापन किया। शराब निर्धारित मूल्य पर ही बेची जा रही है या नहीं, इसकी जांच के लिए गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराए गए।निरीक्षण के दौरान दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्टॉक में रखी बोतलों में से रैंडम तरीके से बोतलें निकालकर उन पर लगे क्यूआर कोड को विभागीय एप के माध्यम से जांचा गया।आबकारी विभाग की टीम ने रामराज क्षेत्र में दबिश भी दी। हालांकि इस दौरान किसी भी तरह के अवैध मादक पदार्थ की बरामदगी नहीं हुई।अधिकारियों ने सभी देशी शराब की दुकानों पर 42.8 प्रतिशत क्षमता वाली 100 एमएल मदिरा को डिस्प्ले में प्रदर्शित करने और ग्राहकों को इसके संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विक्रेताओं को 21 वर्ष से कम आयु के लोगों और किसी भी वर्दीधारी व्यक्ति को शराब न बेचने के लिए कड़ाई से निर्देशित किया गया।