मुजफ्फरनगर। आबकारी विभाग ने राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति और अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। जिला आबकारी अधिकारी ने कार्यालय में जिले के सभी फुटकर और थोक अनुज्ञापियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सभी आबकारी निरीक्षक भी मौजूद रहे।बैठक में फुटकर अनुज्ञापियों को अधिक से अधिक निकासी करने और यूपीएमएल की लिफ्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि विभाग के निर्धारित राजस्व लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल किया जा सके। अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के लिए भी कहा।विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी निरीक्षकों ने विभिन्न मदिरा दुकानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों पर पीओएस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के साथ स्टॉक रजिस्टर में दर्ज शराब का भौतिक स्टॉक से मिलान किया गया। शराब निर्धारित मूल्य पर ही बेची जा रही है या नहीं, इसकी जांच के लिए गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराए गए।दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संचित स्टॉक में से कुछ बोतलों का रैंडम चयन कर उन पर लगे क्यूआर कोड को विभागीय ऐप के माध्यम से जांचा। देशी शराब की दुकानों पर 42.8 प्रतिशत क्षमता वाली 100 एमएल की मदिरा को डिस्प्ले में प्रदर्शित करने और ग्राहकों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।इसके अलावा जागाहेड़ी टोल प्लाजा पर वाहनों की चेकिंग की गई। जांच के दौरान किसी भी वाहन से शराब बरामद नहीं हुई। आबकारी विभाग ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group