मुजफ्फरनगर। जिले में तिलहनी फसलों को बढ़ावा देने के लिए नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल-ऑयलसीड्स योजना के तहत वैल्यू चेन पार्टनर (वीसीपी) का चयन किया जाएगा। इसके लिए जिले के पात्र एफपीओ, सहकारी समितियों तथा सार्वजनिक और निजी निगमों से आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक संस्थाएं 16 सितंबर 2026 तक उप कृषि निदेशक कार्यालय में आवेदन जमा कर सकती हैं।उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जिले को विभिन्न कार्यों के लक्ष्य मिले हैं। इनमें तिलहनी फसलों के लिए क्लस्टर का गठन, क्लस्टर प्रदर्शन के लिए प्रमाणित बीज का वितरण, बुवाई, किसानों का प्रशिक्षण, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण में सहायता, कृषि मैपर कार्य, ब्लॉक प्रदर्शन और फार्मर फील्ड स्कूल आदि शामिल हैं। इन कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और क्लस्टर प्रदर्शनों के तहत किसानों को बीज उपलब्ध कराने के लिए वैल्यू चेन पार्टनर की स्थापना की जाएगी।वैल्यू चेन पार्टनर के रूप में चयन के लिए एफपीओ और सहकारी समितियों को निर्धारित पात्रता मानदंड पूरा करना होगा। संस्था का कंपनी अधिनियम या सहकारिता अधिनियम के तहत पंजीकृत होना जरूरी है। संबंधित संस्था को कम से कम तीन वर्ष का कार्य अनुभव होना चाहिए तथा उसमें कम से कम 200 किसान पंजीकृत होने चाहिए।इसके अलावा पिछले तीन वर्षों में संस्था का औसत वार्षिक कारोबार नौ लाख रुपये से अधिक होना चाहिए। एफपीओ में किसानों की ओर से कम से कम तीन लाख रुपये की इक्विटी भी होना अनिवार्य है।चयन प्रक्रिया में यदि दो या अधिक संस्थाओं के अंक समान रहते हैं तो 10 हजार एफपीओ योजना के तहत गठित एफपीओ तथा नैफेड, एनएससी आदि सार्वजनिक एजेंसियों से जुड़े तिलहन क्षेत्र में कार्य करने वाले पंजीकृत एफपीओ को प्राथमिकता दी जाएगी।उप कृषि निदेशक ने जिले के सभी पात्र एफपीओ, सहकारी समितियों और सार्वजनिक एवं निजी निगमों से निर्धारित मानकों के अनुसार आवेदन करने की अपील की है। आवेदन 16 सितंबर 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में उप कृषि निदेशक, मुजफ्फरनगर के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। चयनित संस्थाओं को नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल-ऑयलसीड्स योजना के तहत वैल्यू चेन पार्टनर के रूप में कार्य करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group