मुजफ्फरनगर(मोरना)। भोपा गांव में गुरुवार सुबह खेत पर काम करने के लिए घर से निकले किसान का शव देर शाम खेत के पास स्थित नाले में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकलवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
भोपा गांव निवासी किसान भीम (34) गुरुवार सुबह खेत पर काम करने के लिए गया था। देर शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन और ग्रामीण खेतों की ओर तलाश करते हुए पहुंचे तो खेत के पास स्थित नाले में एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने शव को नाले से बाहर निकाला। पहचान होने पर शव भीम का निकला।शुक्रवार सुबह मृतक के भाई अजय कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर भीम की मौत का कारण स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम शव घर पहुंचा, जहां परिजनों में कोहराम मच गया। बाद में गांव स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।भीम की असमय मौत से मां इंद्रेश और भाई अजय व भूरा का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दोनों भाई गांव से बाहर रहकर काम करते हैं। उसकी तीन बहनें बिल्लो, अलका और गुड़िया विवाहित हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कह रही है।